Meerut: सरधना में युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या, दुष्कर्म के मुकदमे को लेकर था परेशान, ये है पूरा मामला

मेरठ: सरधना में युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या, दुष्कर्म के मुकदमे से था परेशान

मेरठ। मेरठ के सरधना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक 21 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव नंगला ऑर्डर तिराहे के पास मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

मृतक की पहचान जोगियान मोहल्ला निवासी साकिब के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, युवक कपड़ों की फेरी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके खिलाफ पहले दुष्कर्म का एक मुकदमा दर्ज था, जिसके चलते वह पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में था।

परिजनों का आरोप है कि मुकदमे में समझौता कराने और केस वापस लेने के नाम पर लगातार रुपये की मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना के कारण युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने एक युवती, उसके परिजनों तथा कुछ अन्य लोगों के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

घटनास्थल से युवक का मोबाइल फोन बरामद कर पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। हालांकि जिस हथियार से गोली चलाई गई, वह देर रात तक बरामद नहीं हो सका था। युवक के सीने के बाईं ओर, दिल के पास गोली लगने की पुष्टि हुई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस प्रेम प्रसंग, दर्ज मुकदमे और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

#Meerut #Sardhana #BreakingNews #CrimeNews #PoliceInvestigation #UttarPradesh #SuicideCase #HindiNews #LatestNews

Share it :
Get free tips and resources right in your inbox, along with 10,000+ others

Categories